कोरबा, 6 दिसम्बर, शनिवार।


छत्तीसगढ़ राज्य मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन (CGMSC) के माननीय अध्यक्ष श्री दीपक महस्के जी ने आज अपने कोरबा प्रवास की शुरुआत श्री सर्वमंगला देवी मंदिर में दर्शन कर की। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर माता रानी से प्रदेश की उन्नति, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की। स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने भी उनके साथ माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।


मंदिर दर्शन के पश्चात् श्री महस्के जी ने कोरबा में स्वास्थ्य ढांचे से संबंधित प्रमुख निर्माण परियोजनाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक का अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, सामग्री की गुणवत्ता, संरचनात्मक मजबूती और सुरक्षा मानकों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।

इसके बाद उन्होंने कोरबा स्थित ड्रग वेयरहाउस का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने दवाइयों के भंडारण, वितरण प्रणाली, तापमान नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंध एवं रिकॉर्ड मेंटेनेंस का विस्तारपूर्वक अवलोकन किया। अधिकारियों को उन्होंने निर्देशित किया कि—
-
सभी आवश्यक औषधियों की सतत उपलब्धता सुनिश्चित की जाए,
-
भंडारण एवं वितरण प्रणाली निर्धारित मानकों एवं SOP के अनुरूप संचालित हो,
-
सुरक्षा प्रोटोकॉल और दस्तावेज़ीकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
-



निरीक्षण के तीसरे चरण में श्री महस्के जी ने निर्माणाधीन चिकित्सा महाविद्यालय भवन का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और सुरक्षा प्रक्रियाओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि कोरबा में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार मजबूत गति से आगे बढ़ सके।
इसी परिसर में उन्होंने पौधारोपण भी किया, जो पर्यावरण संरक्षण और हरियाली संवर्धन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

दिन के अंत में श्री दीपक महस्के जी माननीय कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन जी के निवास पहुंचे, जहां उन्होंने माननीय मंत्री जी के भतीजे के विवाहोपरांत नवदंपति को हार्दिक बधाई एवं उनके सुखद, समृद्ध और मंगलमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।

